-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: रोडवेज बस ने कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, महिला की हुई मौत और कई घायल
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: फर्रुखाबाद-शाहजहांपुर सीमा क्षेत्र में रविवार सुबह इटावा-बरेली नेशनल हाईवे 730C पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: फर्रुखाबाद-शाहजहांपुर सीमा क्षेत्र में रविवार सुबह इटावा-बरेली नेशनल हाईवे 730C पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अल्हागंज थाना क्षेत्र में रामगंगा पुल के पास रोडवेज बस और कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला कांवड़िया की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार सुबह करीब 5 बजे हुआ। लखीमपुर खीरी के मैलानी थाना क्षेत्र के जटपुरा गांव से करीब 70 कांवड़िए ट्रैक्टर से जुड़ी दो ट्रॉलियों में सवार होकर गंगा जल लेने पांचाल घाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रामगंगा पुल के पास फर्रुखाबाद की ओर से आ रही रोडवेज बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में जटपुरा निवासी मंजू देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल कांवड़ियों को तत्काल राजेपुर सीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कई घायलों को बेहतर इलाज के लिए फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। घायलों में जटपुरा निवासी गुड्डी देवी, मीरा देवी, श्री कृष्णा, नेमा देवी, निर्मला देवी, कनिष्क, कृष्णा, पूनम और यश कुमार समेत अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। घायल कांवड़ियों रामू और आदर्श कुमार के मुताबिक, कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली धीरे-धीरे पांचाल घाट की ओर जा रही थी। इसी दौरान रोडवेज बस के चालक द्वारा गलत दिशा में आकर टक्कर मारने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। हादसे में मंजू देवी की मौत के बाद उनके परिवार में मातम पसर गया। मृतका की बेटी संगीता ने बताया कि ट्रॉली में कुछ लोग आराम कर रहे थे, तभी अचानक जोरदार टक्कर हुई। हादसे में उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनका छोटा भाई भी घायल बताया गया है। घटना की सूचना मिलते ही अल्हागंज थाना प्रभारी ओम प्रकाश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और बस चालक की भूमिका को लेकर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
उत्तर प्रदेश: फर्रुखाबाद में कच्चे मकान की दीवार गिरी, 22 वर्षीय युवती की मौत; कई लोग मलबे में दबे
उत्तर प्रदेश: फर्रुखाबाद में कच्चे मकान की दीवार गिरी, 22 वर्षीय युवती की मौत; कई लोग मलबे में दबे
बिहार: नवादा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू, अब शहर के दूसरे इलाकों पर नजर
उत्तर प्रदेश: बलरामपुर में मिशन शक्ति को मिलेगी मजबूती, गांव-गांव होंगे ‘बहू-बेटी सम्मेलन’
