-
☰
राजस्थान: नागौर में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, शहीदों के बलिदान को किया नमन
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: राष्ट्रभक्ति, उल्लास और गरिमामय वातावरण के बीच शनिवार को नागौर जिला स्टेडियम में 80वां स्वतंत्रता दिवस जिला स्तरीय समारोह के रूप में मनाया गया। समारोह का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
विस्तार
राजस्थान: राष्ट्रभक्ति, उल्लास और गरिमामय वातावरण के बीच शनिवार को नागौर जिला स्टेडियम में 80वां स्वतंत्रता दिवस जिला स्तरीय समारोह के रूप में मनाया गया। समारोह का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात उन्होंने पुलिस एवं विभिन्न टुकड़ियों की परेड का निरीक्षण किया। जवानों ने अनुशासित मार्च पास्ट के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन का संदेश दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामरतन सोंकरिया ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया। राज्यपाल के संदेश के माध्यम से प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य के विकास, जनकल्याण एवं राष्ट्र निर्माण में सभी की सहभागिता का आह्वान किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने कहा कि “शहीदों का बलिदान हमारी प्रेरणा है और राष्ट्र का उत्थान हमारी साधना है।” उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन असंख्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को नमन करने का पावन अवसर है, जिन्होंने अपना सर्वस्व मातृभूमि के चरणों में अर्पित कर हमें स्वतंत्र भारत में सांस लेने का अधिकार दिलाया। राज्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद सहित अनेक क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष एवं बलिदान से हमें यह अमूल्य स्वतंत्रता प्राप्त हुई है। राष्ट्र इन महान विभूतियों के त्याग और समर्पण को सदैव स्मरण करता रहेगा। उन्होंने कहा कि आज हम स्वतंत्रता के 79 वर्ष पूर्ण कर 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। यह ऐतिहासिक अवसर हमें अपने अतीत के गौरव को स्मरण करने के साथ वर्तमान की उपलब्धियों का मूल्यांकन करने और भविष्य के भारत की दिशा निर्धारित करने की प्रेरणा देता है । उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें अधिकारों के साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का भी बोध कराती है। देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। राज्यमंत्री डॉ. बाघमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। जब देश की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण होंगे, तब भारत को विश्व के अग्रणी, आत्मनिर्भर, समृद्ध और शक्तिशाली राष्ट्रों की पंक्ति में शामिल करना हम सभी का सामूहिक लक्ष्य है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए युवाओं, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों और समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आह्वान किया कि सभी नागरिक राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें तथा विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
समारोह में विद्यार्थियों एवं विभिन्न दलों द्वारा सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन, योगासन, लेजियम प्रदर्शन तथा अन्य आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। एल.के. सिंघानिया गोटन की ओर से प्रस्तुत ब्रास बैंड ने समारोह में विशेष आकर्षण जोड़ा। महिला पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा का प्रभावी प्रदर्शन कर महिला सुरक्षा एवं आत्मविश्वास का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। ‘लोक गीतों का झुमका’ सामूहिक नृत्य ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में देश के प्रति प्रेम, राष्ट्रीय एकता और राजस्थान की लोक संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली।
समारोह में शहीद वीर सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया गया तथा जिले के विभिन्न विभागों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 56 प्रतिभाशाली व्यक्तियों को प्रशंसा पत्र तथा पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया।
जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जिलेवासियों से विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा प्रशासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिले के विकास, सुशासन और जनसेवा के लिए जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
समारोह के दौरान जिला स्टेडियम भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में मौजूद आमजन, विद्यार्थी, अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस जवानों ने राष्ट्रीय पर्व को गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया। कार्यक्रम के अंत में वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान के साथ जिला स्तरीय समारोह का समापन हुआ। स्टेडियम में हुए स्वतंत्रता दिवस के संपूर्ण जिला स्तरीय समारोह का मंच संचालन मोहम्मद शरीफ छीपा द्वारा सफलतापूर्वक किया गया ।
समारोह के पश्चात राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने स्टेडियम परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद जिला प्रशासन एवं पत्रकारों के बीच मैत्री क्रिकेट मैच आयोजित किया गया। रोमांचक मुकाबले में जिला प्रशासन की टीम ने जीत हासिल की।
इससे पूर्व स्वतंत्रता दिवस की अलसुबह जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने कलेक्टर निवास एवं कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण कर जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात जिले के सभी विभागीय कार्यालयों में भी संबंधित अधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
उत्तर प्रदेश: फर्रुखाबाद में कच्चे मकान की दीवार गिरी, 22 वर्षीय युवती की मौत; कई लोग मलबे में दबे
उत्तर प्रदेश: फर्रुखाबाद में कच्चे मकान की दीवार गिरी, 22 वर्षीय युवती की मौत; कई लोग मलबे में दबे
बिहार: नवादा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू, अब शहर के दूसरे इलाकों पर नजर
उत्तर प्रदेश: बलरामपुर में मिशन शक्ति को मिलेगी मजबूती, गांव-गांव होंगे ‘बहू-बेटी सम्मेलन’