Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल में SNCU में नवजात की मौत, परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Amar Deep , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 19/08/2026 06:17:29 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Amar Deep ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 19/08/2026 06:17:29 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: राम मनोहर लोहिया अस्पताल (महिला) के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में एक नवजात की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: राम मनोहर लोहिया अस्पताल (महिला) के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में एक नवजात की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद परिजनों ने हंगामा किया और ड्यूटी पर तैनात गार्ड के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। जानकारी के मुताबिक, शाहजहांपुर निवासी मोहित भदौरिया की पत्नी तनु ने 14 अगस्त को फर्रुखाबाद के एक निजी नर्सिंग होम में बच्चे को जन्म दिया था। परिजनों के अनुसार, जन्म के समय बच्चा नहीं रोया और उसे झटके भी आ रहे थे। गंभीर हालत को देखते हुए 15 अगस्त की रात नवजात को राम मनोहर लोहिया अस्पताल के SNCU में ऑक्सीजन सपोर्ट पर भर्ती कराया गया।

परिजनों का कहना है कि 17 अगस्त को डॉक्टरों ने बच्चे को छुट्टी देने की बात कही थी। हालांकि, ऑक्सीजन हटाए जाने के बाद बच्चे का शरीर नीला पड़ने लगा, जिसके बाद छुट्टी का फैसला रोक दिया गया। परिवार के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे नवजात को दोबारा झटके आए। शाम करीब 4:30 बजे डॉक्टर ने उसकी हालत ठीक बताई थी। इसके बाद परिजनों ने जब बच्चे को देखने की कोशिश की तो उन्हें उसमें कोई हलचल नजर नहीं आई। परिवार का आरोप है कि उन्होंने तुरंत अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन ड्यूटी पर तैनात गार्ड ने उन्हें करीब 20 मिनट तक गेट पर रोक दिया।

परिजनों के अनुसार, बाद में डॉक्टर मौके पर पहुंचे और नवजात का इलाज शुरू किया, लेकिन शाम करीब 6:30 बजे उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिवार में आक्रोश फैल गया और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। वहीं, SNCU में तैनात डॉक्टर शिवाशीष उपाध्याय ने बताया कि नवजात जन्म से ही गंभीर हालत में था और उसकी लगातार निगरानी की जा रही थी। डॉक्टर के अनुसार, यूनिट में 14 बेड की क्षमता है, जबकि मंगलवार को 31 नवजात भर्ती थे। सीमित ऑक्सीजन पॉइंट्स के बीच क्षमता से अधिक मरीज होने की बात भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। परिजन गार्ड और अस्पताल की व्यवस्था की जांच कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले में वास्तविक लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।