-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत महिलाओं और छात्राओं को किया जागरूक
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: फतेहगढ़ जनपद में मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: फतेहगढ़ जनपद में मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और बाल कल्याण योजनाओं के बारे में बताया। इसके साथ ही बाल मजदूरी की रोकथाम और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस के साइबर सुरक्षा सलाहकार रक्षित टंडन वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, फर्जी वेबसाइट और लिंक, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, साइबर बुलिंग, डिजिटल अरेस्ट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए होने वाले साइबर फ्रॉड के बारे में समझाया। रक्षित टंडन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी के साथ ओटीपी, पासवर्ड या निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। संदिग्ध कॉल, मैसेज और लिंक से बचना चाहिए तथा इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतनी चाहिए। अभियान के अंतर्गत जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति या साइबर अपराध की घटना होने पर संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। महिला सुरक्षा के लिए 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लिए 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन के लिए 1098, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930, पुलिस आपातकालीन सहायता के लिए 112 और एंबुलेंस सेवा के लिए 108 पर संपर्क किया जा सकता है।
