-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: चार चरणों में 1103 जोड़ों का विवाह संपन्न, सरकार ने प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: प्रतापगढ़ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 19 नवंबर को राजकीय इंटर कॉलेज प्रतापगढ़ के मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: प्रतापगढ़ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 19 नवंबर को राजकीय इंटर कॉलेज प्रतापगढ़ के मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 253 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। सभी का विवाह उनके धर्म और समुदाय की परंपराओं के अनुसार विधि-विधान से संपन्न कराया गया। इस चरण में अनुसूचित जाति वर्ग के 186, पिछड़ा वर्ग के 66 और अल्पसंख्यक वर्ग के एक जोड़े का विवाह कराया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए और उनके सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की। विधायक सदर राजेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक तंगी किसी बेटी के सम्मानजनक विवाह में बाधा न बने। जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। इसमें 64 हजार रुपये वधू के बैंक खाते में, 21 हजार रुपये की सामग्री और 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में योजना के चार चरणों में कुल 1103 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें 3 नवंबर को 288, 6 नवंबर को 275, 16 नवंबर को 287 और 19 नवंबर को 253 जोड़े शामिल रहे। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, समाजसेवियों और समाज कल्याण विभाग के कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
